मोदी पर ‘ट्रस्ट’, बाकी सब भ्रष्टः उमा भारती

भाजपा की फायर ब्रांड नेता उमा भारती ने कहा है कि देश में राजनीतिक दल, ब्यूरोक्रेट्स और मीडिया सभी भ्रष्टाचार में आकंठ डूबे हैं।

ऐसी परिस्थितियों में महिलाओं को दुर्गा और काली का रूप धारण कर देश को नई दिशा देनी होगी ताकि भारत 2020 तक जगतगुरु के सिंहासन पर दोबारा विराजमान हो सके।

महिलाओं का आधिपत्य हो जाएगा
उमा भारती रविवार को बेरीनाग के रामलीला मैदान में विवेकानंद संदेश यात्रा के तहत मातृशक्ति सम्मेलन को संबोधित कर रही थीं। देश में पहाड़ की महिलाएं सबसे अधिक मेहनती हैं।

महिलाओं के बढ़ते वर्चस्व से साबित होता है कि 21वीं सदी में महिलाओं का आधिपत्य हो जाएगा। महिलाओं का उत्पीड़न करने वालों को राक्षस बताते हुए सुश्री भारती ने कहा कि विवेकानंद ने महिला स्वावलंबन का सपना देखा था। उन्होंने भ्रष्टाचार को मिटाने के लिए एकजुट होकर ईमानदार लोगों का समर्थन करने को कहा।

गुजरात में महिलाएं सबसे अधिक सुरक्षित
गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की अप्रत्यक्ष रूप से तारीफ करते हुए भाजपा नेत्री ने कहा कि गुजरात देश का पहला प्रदेश है, जहां काम कराने को रिश्वत नहीं देनी पड़ती और वहां महिलाएं सबसे अधिक सुरक्षित हैं।

अपने संबोधन में खुद के हरिद्वार लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की चर्चा को हवा देते हुए कहा कि यह फैसला उन्होंने पार्टी अध्यक्ष राजनाथ पर छोड़ा है। उमा भारती ने कहा कि देवभूमि से उनका बचपन से नाता रहा है। उन्होंने राज्य आंदोलन में भी सक्रिय भूमिका निभाई थी।

आपदा में जन हानि टाली जा सकती थी
प्रदेश सरकार की आलोचना करते हुए उनका कहना था कि जून की प्राकृतिक आपदा में जन हानि टाली जा सकती थी। सभा को विवेकानंद संदेश यात्रा के प्रदेश सह संयोजक डा. सुशील कोटनाला ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष खुशाल भंडारी और संचालन हरीश चुफाल ने किया।

इस मौके पर जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष दल बहादुर बाफिला, भाजपा अध्यक्ष महेश पंत, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष नीरू कार्की, विधायक अजय टम्टा, गंगोलीहाट नगर पंचायत अध्यक्ष विमल रावल, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष दीपक धानिक, मनीष पंत, महामंत्री दीपक कार्की, भाजयुमो मंडल अध्यक्ष इंद्रसिंह धानिक, रेखा आर्या, दर्पण कुमार, बलवंत राठौर आदि मौजूद थे। कार्यक्रम में गंगोलीहाट, गणाईगंगोली, थल, पुंगराऊ आदि इलाकों से लोग पहुंचे थे।

इससे पूर्व अल्मोड़ा में उन्होंने कहा कि पूरे देश में मोदी की लहर चल रही है। जनता देश में बदलाव चाहती है। आगामी चुनाव में जनता कांग्रेस को सबक सीखाएगी। सुश्री भारती रविवार सुबह डीडीहाट जाते वक्त कुछ देर करबला तिराहे पर रुकीं जहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।

महिला सम्मेलन में भी पुरुषों का वर्चस्व
भाजपा नेत्री उमा भारती के बहु प्रचारित महिला सम्मेलन में भी पुरुषों का वर्चस्व दिखाई दिया। भीड़ के हिसाब से ठीकठाक रहे इस कार्यक्रम में महिला पुरुषों की संख्या लगभग बराबर थी।

यह स्थिति देखकर सुश्री भारती ने राजनीतिक अंदाज में कहा कि मेरे दो आंखों में एक महिला और एक पुरुष हैं। इनसे मैं दोनों को सुंदर रूप में देख रही हूं। उनके स्वागत कार्यक्रम के दौरान कुछ महिलाएं मंच पर आई थीं, लेकिन इसके बाद पूरे कार्यक्रम के दौरान मंच में सुश्री भारती के अलावा सभी पुरुष विराजमान थे।

Related posts