छात्रों ने लगाया जाम

धारचूला। बलुवाकोट महाविद्यालय छात्रसंघ ने विभिन्न मांगों को लेकर रविवार को नेशनल हाईवे में तीन घंटे तक जाम लगाया। प्रशासन के मुख्यमंत्री से मिलाने के आश्वासन के बाद छात्रों ने जाम हटाया।
बलुवाकोट महाविद्यालय में बीए में हिंदी, गृहविज्ञान, इतिहास, भूगोल के विषय स्वीकृत कराने, एमए संस्थागत की कक्षाएं चलाने, महाविद्यालय की भूमि हस्तांतरण का काम शीघ्र करने की मांग को लेकर पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत छात्रों ने रविवार को दोपहर 12 बजे बलुवाकोट में जाम लगा दिया। छात्रसंघ अध्यक्ष भुवन चंद्र भट्ट ने कहा कि विधायक हरीश धामी भी महाविद्यालय की उपेक्षा कर रहे हैं। सोमवार को धारचूला दौरे पर आ रहे मुख्यमंत्री ने उक्त मांगों के संबंध में घोषणा नहीं की तो 23 अक्तूबर से कालेज अनिश्चितकाल के लिए बंद करा दिया जाएगा।
दोपहर तीन बजे एसडीएम प्रमोद कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री से मुलाकात कराने का वायदा किया। इसके बाद छात्रों ने जाम खोला। जाम लगाने वालों में वीरेंद्र दुग्ताल, नरेंद्र सिंह, जीवन कठायत, हरीश धामी, हरगोविंद धामी, मनोज ग्वाल, महेंद्र धामी, दिनेश चंद्र, नीरज ग्वाल शामिल थे।

Related posts