महिलाओं को दुर्गा, काली का रूप धारण करना होगा

बेरीनाग। भाजपा की फायर ब्रांड नेता उमा भारती ने कहा है कि देश में राजनीतिक दल, ब्यूरोक्रेट और मीडिया सभी भ्रष्टाचार के आकंठ में डूबे हैं। ऐसी परिस्थितियों में महिलाओं को दुर्गा और काली का रूप धारण कर देश को नई दिशा देनी होगी, ताकि भारत 2020 तक जगतगुरु के सिंहासन पर दोबारा विराजमान हो सके।
उमा भारती रविवार को बेरीनाग के रामलीला मैदान में विवेकानंद संदेश यात्रा के तहत मातृ शक्ति सम्मेलन को संबोधित कर रही थीं। देश में पहाड़ की महिलाएं सबसे अधिक परिश्रमी हैं। महिलाओं के बढ़ते वर्चस्व से साबित होता है कि 21वीं सदी में महिलाओं का आधिपत्य हो जाएगा। महिला उत्पीड़क को राक्षस की संज्ञा देते हुए उन्होंने कहा कि विवेकानंद ने महिला स्वावलंबन का सपना देखा था। भ्रष्टाचार को मिटाने के लिए एकजुट होकर चुनाव सुधार और ईमानदार लोगों का समर्थन करने को कहा। गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की अप्रत्यक्ष रूप से तारीफ करते हुए भाजपा नेत्री ने कहा कि गुजरात देश का पहला प्रदेश है जहां काम कराने को रिश्वत नहीं देनी पड़ती और वहां महिलाएं सबसे अधिक सुरक्षित हैं। उन्होंने अपने संबोधन में खुद के हरिद्वार से लोकसभा चुनाव लड़ने की चर्चा को हवा देते हुए कहा कि यह फैसला उन्होंने पार्टी अध्यक्ष राजनाथ पर छोड़ा है। कहा कि देवभूमि से उनका बचपन से नाता रहा है। उन्होंने राज्य आंदोलन में भी सक्रिय भूमिका निभाई है। प्रदेश सरकार की आलोचना करते हुए उनका कहना था कि जून की प्राकृतिक आपदा में जन हानि टाली जा सकती थी। सभा को विवेकानंद संदेश यात्रा के प्रदेश सह संयोजक डा. सुशील कोटनाला ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष खुशाल भंडारी और संचालन हरीश चुफाल ने किया। इस मौके पर जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष दल बहादुर बाफिला, भाजपा अध्यक्ष महेश पंत, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष नीरू कार्की, विधायक अजय टम्टा, गंगोलीहाट नगर पंचायत अध्यक्ष विमल रावल, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष दीपक धानिक, मनीष पंत, महामंत्री दीपक कार्की, भाजयुमो मंडल अध्यक्ष इंद्रसिंह धानिक, रेखा आर्या, दर्पण कुमार, बलवंत राठौर आदि मौजूद थे। कार्यक्रम में गंगोलीहाट, गणाईगंगोली, थल, पुंगराऊ आदि इलाकों से लोग पहुंचे थे।

Related posts