सीसीटीवी कैमरे के पहरे में काम करेगी पुलिस

शिमला। अब थाने में पुलिस आपकी शिकायत को लेकर टाल मटोल नहीं कर पाएगी। थाने जाने वाले व्यक्ति के साथ पुलिस को व्यवहार भी सामान्य रखना होगा। थानों की गतिविधियों को कैद करने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना पर काम होगा। थाने में स्टाफ क्या कर रहा है, इसकी पूरी जानकारी रिकार्ड होगी। जरूरत पड़ने पर आला अफसर सीसीटीवी में मौजूद फुटेज को खंगाल पाएंगे। इसका सीधा फायदा शिकायतकर्ता के साथ पुलिस को भी होगा।
अमूमन थाने के कर्मचारियों से आम जनता की शिकायत रहती है कि इनका व्यवहार ठीक नहीं। एफआईआर दर्ज करने में टाल मटोल करते हैं। कई मर्तबा बेवजह मारपीट करने पर भी उतारू हो जाते हैं। पुलिस महकमे के पास आने वाली इस तरह की शिकायतों को जांचने में काफी वक्त बर्बाद हो जाता है। इनमें से कई सही, तो कई गलत होती हैं। थानों में कैमरे लगने के बाद इस तरह की शिकायतों को आसानी से खंगाला जा सकता है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक दुल्लर ने कहा कि सीसीटीवी लगने से प्रत्येक गतिविधि पर आराम से नजर रखी जा सकती है। जल्द ही इस तरह के प्रयोग किए जाएंगे।

Related posts