शतक के करीब प्याज, मटर अस्सी पर अड़ा

मंडी। प्याज ने फिर रुला दिया है। रविवार को यह 80 रुपये प्रतिकिलो पहुंच गया। सब्जियों के दामों में भी उछाल आया है। एक हफ्ते से प्याज 60 और 70 रुपये के बीच बिक रहा था। रविवार को फिर से दाम बढ़ गए। प्याज स्लॉद से तो गायब ही था अब तड़का भी नहीं लग रहा है। सब्जियों का स्वाद भी लोग भूल चुके हैं। रविवार को प्याज के दाम बढ़े तो उपभोक्ता किलो नहीं पाव के हिसाब से खरीदारी करते नजर आए। लोग अनुमान लगा रहे थे कि प्याज की कीमत गिरेगी, लेकिन हुआ विपरित। दाम फिर से बढ़ गए।
सब्जी और प्याज के दाम बढ़ने से गृहणियों के किचन का बजट गड़बड़ हो गया है। मंडी में अब तक प्याज 60 से 70 रुपये किलो बिक रहा था। अब एक बार फिर दाम उछले हैं। सब्जियों के दाम सुनकर भी लोग दंग है। मटर 80 रुपये प्रतिकिलो, शिमला मिर्च 80 रुपये, टमाटर 40 से 45 रुपये, गोभी 50 रुपये, भिंडी 60 रुपये, बैंगन 30 से 35 रुपये किलो बिक रहा है। आम आदमी की पहुंच से सब्जियां और प्याज लगभग बाहर है। सुनील ठाकुर, जोधवीर, नवनीत, हिमांशु, प्रदीप, मनोज, सुषमा, किरण का कहना है कि प्याज के दाम फिर बढ़ गए हैं। उम्मीद थी कि दाम कम होंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। सब्जियों के दामाें में लगातार इजाफा हो रहा है। इससे आम आदमी परेशान है। लोग बिना प्याज-टमाटर के खाना बना रहे हैं। सरकार को इस ओर सोचना चाहिए।

सब्जियां वर्तमान/प्रतिकिलो एक सप्ताह पहले
1. प्याज 80 रुपये 60-70
2. शिमला मिर्च 80 रुपये 60-65
3. गोभी 50 रुपये 40
4. टमाटर 40 रुपये 30-35
5. मटर 80 रुपये 60-70
6. भिंडी 60 रुपये 50
7. बैंगन 30 रुपये 20

बाक्स
-सब्जी मंडी टकोली से आढ़ती पंकज शर्मा, प्रदीप कुमार, मेहरबान सिंह का कहना है कि त्योहारी सीजन में सब्जियों की मांग ज्यादा रहती है। बारिश से भी फसलाें को नुकसान हुआ है। इससे वृद्धि होना स्वाभाविक है।

Related posts