
बिलासपुर। स्टेशन पर पहुंचने की जल्दबाजी में आम यात्रियों की दिक्कतें बढ़ रही है। सवारियों बस स्टैंडों पर इंतजार करती रहती है और बस बाहर से ही अगले स्टेशन को रवाना हो रही है। बिलासपुर, घुमारवीं और सुंदरनगर में अकसर ऐसा ही देखने को मिलता है। हरियाणा, पंजाब रोडवेज की बसों के अलावा एचआरटीसी की अधिकतर बसें बस स्टैंड न जाकर सीधा रवाना हो रही है।
राज्य सरकार ने विभिन्न स्थानों पर बस स्टैंड बना रखे हैं। जहां एचआरटीसी की बसों की एंट्री होती है। बस स्टैंड में पहुंचने का समय और जाने का समय बस नंबर के साथ एंटर होता है। कई बार बसें बस स्टैंड के बार एनएच पर ही कुछ देर के लिए खड़ी कर दी जाती है और सीधा आगे के लिए रवाना हो जाती है। बस स्टैंड में जाकर परिचालक एंट्री कर देते हैं। अन्य राज्यों की गाड़ियां भी सीधा निकल पड़ती है। इससे यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विवेक, सुशांत, देवी सिंह, पवन शर्मा, निरंजन कुमार ने कहा कि अकसर बस बाहर से ही निकल जाती है। पवन के अनुसार शनिवार को वह मंडी जा रहे थे। शाम को वह बस का इंतजार करते रहे, लेकिन बस नहीं आई। बस स्टैंड से उन्होंने बाहरी राज्य की एक बस आती देखी। वह इंतजार करते रहे, लेकिन बस बाहर से ही निकल गई। घंटों इंतजार करने के बाद एचआरटीसी की एक बस भीतर आई। तब कहीं जाकर वह मंडी पहुंचे। उधर, आरएम बिलासपुर संतोष कुमार ने कहा कि एचआरटीसी की बसों की बस स्टैंड पर एंट्री होती है। बाहर से बसें निकल रही है तो कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बीच रास्ते में उतारे यात्री
बिलासपुर। शनिवार शाम घुमारवीं क्षेत्र में ऐसा ही मामला देखने को मिला। हरियाणा रोडवेज की बैजनाथ-चंडीगढ़ बस में सवार यात्रियों को परिचालक ने दकड़ी चौक पर ही उतरने के लिए कह दिया। बस को अड्डे तक जाना चाहिए। इसको लेकर सवारियों और चालक-परिचालक के बीच कहासुनी भी हुई। रोहित, अर्चना, सुनीता ने इस पर उचित कार्रवाई की मांग की है।
