फटकार पड़ी तो बदले सुर

रामपुर बुशहर। आला नेताओं से डांट फटकार पड़ी तो कार्यकर्ताओं के सुर ही बदल गए। एक दिन पहले विकास के मामले में अपनी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले कार्यकर्ता अब धारगौरा क्षेत्र में विकास की गति बढ़ने की बातें कर रहे हैं। यहां तक की कार्यकर्ताओं ने मुख्य संसदीय सचिव एवं विधायक नंदलाल की कार्यशैली को भी सराहा है।
कांग्रेस जोन गौरा ने समस्याओं की अनदेखी पर अपनी ही सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। 17 अक्तूबर को हुई बैठक में कार्यकर्ताओं ने जन समस्याएं जल्द हल न किए जाने पर सामूहिक इस्तीफे की चेतावनी दे डाली थी। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के अपनी सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद करने का मामला मीडिया में आया तो आला नेताओं ने उनकी जमकर क्लास ली। आला नेताओं से फटकार पड़ने का नजीता यह निकला कि 24 घंटे के भीतर ही कार्यकर्ताओं के सुर बदल गए हैं। जिन कार्यकर्ताओं ने बैठक में जनसमस्याएं हल न करने पर इस्तीफे की धमकी दी थी, वे अब धारगौरा क्षेत्र में विकास होने का गुणगान कर रहे हैं। इतना ही नहीं, कार्यकर्ताओं ने समस्याएं हल न करने के लिए सीपीएस एवं विधायक नंदलाल को भी कटघरे में खड़ा किया था। लेकिन अब उनकी कार्यशैली की सराहना कर रहे हैं। ेकांग्रेस जोन गौरा के अध्यक्ष संसार गुप्ता, सचिव सुरेंद्र बेष्टू, जय सिंह चौहान, शोभा राम मेहता, धनी राम, सोहन लाल, मानदासी, आशा पटियाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने इस क्षेत्र में विकास को गति प्रदान की है। सीनियर सेकेंडरी स्कूल धारगौरा में भवन निर्माण, झाकड़ी-गौरा सड़क निर्माण, गौरा-गोपालपुर के मध्य सड़क की टारिंग का कार्य मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के अथक प्रयासों से संभव हो पा रहा है।

Related posts