शिक्षकों के लिए मंच के ग्रामीण करेंगे तालाबंदी

चंपावत। सीमांत मंच राजकीय इंटर कालेज में शिक्षकों की कमी को लेकर अभिभावकों में रोष व्याप्त है। अनिवार्य तबादला नीति के तहत विद्यालय में तैनात पांच शिक्षकों में से तीन का स्थानांतरण अन्यत्र कर दिया गया है। जबकि उनके स्थान किसी भी प्रतिस्थानी की तैनाती नहीं हुई है। जिस कारण विद्यालय का संचालन केवल दो शिक्षकों के ऊपर है। इस मामले में ग्रामीण पूर्व में भी जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन कर चुके हैं। लेकिन लंबा अरसा बीतने के बाद भी शिक्षकों की तैनाती नहीं होने से क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने सोमवार 21 अक्तूबर को शिक्षा भवन में तालाबंदी करने का ऐलान किया है।
पूर्व प्रधान विपिन जोशी, ग्राम प्रधान दान सिंह बोहरा, सुंदर सिंह महर, अर्जुन सिंह आदि का कहना है कि सीमांत क्षेत्र के एक मात्र राजकीय इंटर कालेज की बदहाली के लिए विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली जिम्मेदार है। केवल दो शिक्षकों के सहारे जीआईसी के संचालन से सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है कि वहां पर पठन पाठन का स्तर क्या होगा। ग्रामीणों की ओर से क्षेत्र भ्रमण पर आए विधायक और दर्जा राज्यमंत्री हेमेश खर्कवाल को भी इस मामले में जानकारी दी गई। लेकिन अब तक कोई कार्रवाई न होने से ग्रामीणों का धैर्य जबाव देने लगा है। सोमवार को तालाबंदी के बाद भी मांग पूरी न होने पर ग्रामीण आंदोलन की अगली रणनीति तय करेंगे।

Related posts