
रुद्रपुर। मारपीट के मामले में फरार मेयर के देवर को पुलिस ने धर दबोचा और कोतवाली के लॉकअप में डाल दिया। उसे छुड़वाने के लिए तमाम भाजपाई कोतवाली पहुंचे। उन्होंने सत्ता पक्ष के इशारे पर कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए हंगामा काटा और कोतवाल का घिराव किया।
यहां बता दें कि 28 अगस्त 2013 को काशीपुर रोड स्थित मोबाइल टावर पर कब्जे को लेकर पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष के समर्थकों और शहर की मेयर के देवर अनिल कोली व उसके समर्थकों के बीच मारपीट हुई थी। इस मामले में पूर्व छात्रसंघ के साथी जहीर अहमद, चकरपुर, बाजपुर निवासी की तहरीर पर पुलिस ने रम्पुरा निवासी मेयर के देवर अनिल कोली, मन्नू शर्मा, अन्नू शर्मा, जानी भाटिया समेत पांच के खिलाफ धारा 147, 148, 149, 325, 504 व 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया था। बाद में चार आरोपियों ने अपनी जमानत करा लीं थी। मगर मेयर का देवर अनिल कोली तब से फरार चल रहा था। शुक्रवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर फरार चल रहे मेयर के देवर अनिल कोली को रम्पुरा से गिरफ्तार कर लिया। इसकी जानकारी मिलते ही भाजपा जिलाध्यक्ष उत्तम दत्ता व मेयर पति सुरेश कोली के नेतृत्व में दर्जनों भाजपाई कोतवाली पहुंचे और हंगामा काटने लगे। उन्होंने कोतवाल राकेश चंद्र का घिराव कर अनिल कोली को झूठा फंसाए जाने का भी आरोप लगाया। उनका कहना था कि पुलिस पहले मामले की निष्पक्ष जांच करें। साथ ही गिरफ्तार अनिल को छोड़ने की मांग की। इस पर कोतवाल ने गिरफ्तार आरोपी को न छोडे़ जाने की बात पर अडे़ रहे। यह देख भाजपाई कोतवाली से निकल लिए।
