
अल्मोड़ा। जिलाधिकारी अक्षत गुप्ता ने प्रशासन के अधिकारियों की बैठक लेकर राजस्व वसूली में तेजी लाने और राजस्व वादों का निस्तारण निश्चित समय में करने के निर्देश दिए। उन्होंने शराब की अवैध बिक्री, खनन रोकने को तलाशी अभियान चलाने को कहा।
कलक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों की बैठक में डीएम ने विभिन्न न्यायालयों में लंबित वादों के निस्तारण की धीमी गति पर नाराजी जताई। समन तामीली, राजस्व वसूली में तेजी लाने को कहा। उन्होंने होटल, ढाबों, रेस्टोरेंटों में परोसी जा रही अवैध शराब के खिलाप छापेमारी करने को कहा। दीपावली पर मिलावटी खोए की बिक्री रोकने के लिए उप जिलाधिकरी और खाद्य निरीक्षक बैरियरों में वाहनों की तलाशी लें। डीएम ने फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियां तैयार करने, दावों और आपत्तियों का निस्तारण भी तय समय पर करने के निर्देश बीएलओ को दिए।
उन्होंने कहा कि अच्छा काम करने वाले बीएलओ को पुरस्कृत किया जाएगा लेकिन उदासीनता और लापरवाह बीएलओ के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई होगी। बैठक में संयुक्त मजिस्ट्रेट रवि झा, अपर जिलाधिकारी प्रशांत कुमार आर्या, उप जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, श्याम सिंह राणा, सीएस डोभाल, अनिल चनियाल, रिंकू बिष्ट, पुलिस उपाधीक्षक केएस ह्यांकी, तहसीलदार हरिराम आदि अधिकारी मौजूद थे।
