
बरनासी गांव में पेयजल किल्लत
घरेड़ (सोलन)। नालका पंचायत बरनासी गांव को अभी तक पेयजल योजना से नहीं जोड़ा गया है। ऐसे में लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। इस गांव में एक दर्जन परिवार रहते हैं। इस गांव के अभी तक किसी योजना से नहीं जोड़ा गया है। गांव से एक किलोमीटर नीचे गांववालों की अपनी ही जमीन में पानी की बावड़ी है। ऐसे में गांव एक किलोमीटर ऊपर होने से लोग अभी तक सिर पर पानी ढो कर गुजारा कर रहे हैं।
पंचायत के प्रधान धनमंती, उप प्रधान प्रेम सागर, रूप राम, संतराम, राम गोपाल, दीप राम, प्रेमचदं, परमानंद और वार्ड सदस्य कांता देवी ने बताया कि डेढ़ वर्ष पूर्व पंचायत ने प्रस्ताव पारित कर इस पानी को लिफ्ट कर गांव तक पहुंचाने की मांग की थी। पंचायत के इस प्रस्ताव पर विभाग ने आश्वासन भी दिया था लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। पंचायत के उपप्रधान प्रेम सागर ने बताया कि यह गांव अधिक ऊंचाई पर होने से इसे दूसरी योजना से भी नहीं जोड़ा गया है। अपने ही पानी को लिफ्ट करने की मांग सरकार से की गई लेकिन अभी तक कार्य शुरू नहीं हो पाया है। जिससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। इस संबंध में आईपीएच के सहायक अभियंता आंचल शर्मा ने बताया कि विभाग यहां पर डेढ़ लाख की लागत से पंप हाउस और लाइन बिछाने का कार्य कर रहा है। विभाग ने योजना के टेंडर लगाने के बाद ठेकेदार को काम दे दिया है। शीघ्र ही योजना का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
