सुधीर शर्मा ने किया बिलिंग का दौरा

बैजनाथ (कांगड़ा)। बिलिंग घाटी में 24 से 30 अक्तूबर तक आयोजित होने वाले प्री वर्ल्ड कप के आयोजन का जिम्मा संभाल रही बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा ने तैयारियों का जायजा लिया। बिलिंग घाटी का दौरा करने के बाद प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के लिए अब तक 171 देशी-विदेशी पायलटों ने आवेदन किया है और ट्रायल के बाद इसमें से 110 पायलटों को प्रतियोगिता के लिए चुना जाएगा। प्रतियोगिता के दौरान हेलीकाप्टर उपलब्ध रहेगा और 25 पर्वतारोहियों का दल तैनात रहेगा। वहीं, स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सात एंबुलेंस स्वास्थ्य प्रतिनिधियों सहित उपस्थित रहेंगी। समापन समारोह में सीएम वीरभद्र सिंह मुख्यातिथि होंगे और पहली मर्तबा प्रथम रहने वाले पायलट को रामपुर बुशहर के राजा पद्म सिंह के नाम पर 23 कैरेट सोने का मैडल और अन्य वर्गों के पायलटों को करीब 12 लाख की राशि इनाम में दी जाएगी। इस मौके पर एसडीएम ओपी ठाकुर, बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के निदेशक अनुराग शर्मा, सुरेश ठाकुर और समस्त विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related posts