
बागेश्वर। राज्य स्तरीय विद्यालयी बाक्सिंग प्रतियोगिता में बागेश्वर जिले के खिलाड़ियों का बेहतरीन प्रदर्शन रहा। आठ खिलाड़ियों ने स्वर्ण, सात ने रजत और तीन ने कांस्य पदक झटके। अंडर 17 बालिका वर्ग में जिले की टीम चैंपियन रही।
राज्य स्तरीय बाक्सिंग प्रतियोगिता 14 से 16 अक्तूबर तक देहरादून के परेड ग्राउंड मैदान में खेली गई। जिसमें बागेश्वर के इस्लामुद्दीन, कमल नगरकोटी, दीपा कपकोटी, हेमलता आर्या, कविता बड़ती, रजनी गोस्वामी, नीमा कोश्यारी, सपना गोस्वामी ने स्वर्ण पदक, नीरज टाकुली, राकेश दानू, अनिल कुमार, हरीश दुबड़िया, मनीष चौहान, मोनिका गोस्वामी, हेमा दानू ने रजत और पूजा मटियानी, यशवंत मलड़ा और सोनू कुमार ने कांस्य पदक झटके। टीम मैनेजर राजेंद्र सिंह पूना ने बताया कि जिले की अंडर 17 बालिका टीम चैंपियन बनी, जबकि अंडर 14 बालक वर्ग की टीम उपविजेता रही। कोच सुंदर गड़िया ने कहा कि खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए बागेश्वर के विधायक चंदन राम दास, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश सदस्य गिरीश परिहार परेड ग्राउंड पहुंचे थे। खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन पर कपकोट के विधायक ललित फर्स्वाण, मुख्य शिक्षा अधिकारी आरपी आर्या, जीआईसी हड़बाड़ के प्रधानाचार्य बृजमोहन चंदोला, तुपेड़ के केआर आर्या, दरवान सिंह परिहार, नरेंद्र खेतवाल, भरत सिंह गड़िया आदि ने प्रसन्नता व्यक्त की।
