
बागेश्वर। कपकोट के विधायक ललित फर्स्वाण ने शुक्रवार को बनलेख में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और उपकेंद्र का निरीक्षण किया। दोनों केंद्र सुबह 11 बजे तक बंद मिले। इनमें ताला देखकर विधायक का पारा चढ़ गया। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी को फोन पर हकीकत बताई। क्षेत्रीय विधायक फर्स्वाण बृहस्पतिवार रात बनलेख मेले में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। शुक्रवार की सुबह उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और उपकेंद्र बनलेख का औचक निरीक्षण किया। दोनों केंद्रों में सुबह 11 बजे तक ताला पड़ा मिला जबकि रोगियों का आना शुरू हो गया था। नाराज विधायक ने फोन पर स्वास्थ्य मंत्री, जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्साधिकारी को अस्पताल बंद होने की सूचना दी। शासन और प्रशासन के निर्देश के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. चंद्रा पंत ने अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि लगभग 12 बजे वह बनलेख पहुंची उस समय तक अस्पताल खुल चुका था। उप स्वास्थ्य केंद्र बंद था। जानकारी लेने पर पता चला कि डॉक्टर और वार्ड ब्वॉय छुट्टी पर हैं। फार्मेसिस्ट तीन घंटे कार्य बहिष्कार पर था जबकि एनएनएम वैक्सीन आदि लेने बागेश्वर गई थी। बाद में फार्मेसिस्ट ने अस्पताल खोला। सीएमओ ने कार्मिकों के इस रवैये पर नाराजगी जताई। फोन पर उन्होंने बताया कि इस मामले में शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।
