
बागेश्वर। बागनाथ बाल विद्या मंदिर बिलौना ने पहली बार वार्षिकोत्सव मनाया। मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक चंदन राम दास ने कहा कि शिक्षा ही विकास की असली कुंजी है। अच्छी शिक्षा से नौनिहालों का भविष्य संवरेगा। छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रम पेशकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
विद्यालय परिसर में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री दास ने कहा कि नौनिहालों के भविष्य के लिए शिक्षक और अभिभावक दोनों को जागरूक होना पड़ेगा। उन्होंने अपनी विधायक निधि से विद्यालय के साज सज्जा के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा की। विशिष्ट अतिथि सहकारी बैंक के प्रदेश अध्यक्ष और जिला भेषज संघ के जिलाध्यक्ष रणजीत बोरा ने कहा कि ग्रामीण अंचलों में इस तरह के विद्यालय होने से बच्चों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा मिलेगी। विद्यालय के प्रबंधक घनश्याम जोशी ने सभी का स्वागत किया। प्रधानाचार्य पुष्पा मेहता ने वार्षिक आख्या प्रस्तुत की। इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य भूपेंद्र सुयाल, नगर पालिका सदस्य प्रकाश जोशी, पीतांबर जोशी दामोदर जोशी, धरणीधर जोशी, रमेश, चंद्रा भट्ट, संजय जोशी आदि मौजूद थे।
