
टनकपुर। डेंगू की दस्तक से स्वास्थ्य महकमे के साथ ही पालिका प्रशासन भी खासा सतर्क हो गया है। पालिका ने शहर में कीटनाशक का छिड़काव शुरू कर दिया गया है।
कुमाऊं में डेंगू से अब तक 6 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। टनकपुर क्षेत्र में भी डेंगू के दो रोगी मिलने के बाद से खासा हड़कंप मचा हुआ है। स्वास्थ्य विभाग डेंगू से बचाव को लेकर लगातार कवायद में जुटा है। दो लोगों के डेंगू की गिरफ्त में आने से क्षेत्र में डेंगू का खासा खौफ बना हुआ है। मनिहागोठ में दो युवकों में डेंगू के लक्षण मिल चुके हैं। हालांकि इन दोनों की रोगियों की हालत अब सामान्य है, मगर चिकित्सा विभाग की टीम प्रभावित क्षेत्र में रेंडम टेस्ट के साथ ही लोगों को डेंगू से बचाव के प्रति जागरूक करने में जुटी है। इधर नगर पालिका प्रशासन भी डेंगू से बचाव को लेकर सतर्क है। पालिकाध्यक्ष लक्ष्मी पांडेय ने बताया कि मच्छरों से निजात के लिए समूचे शहर में कीटनाशक का छिड़काव शुरू कर दिया है।
