
आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी भवन होगा दुरुस्त
बद्दी (सोलन)। बद्दी के हैरिटेज भवन में चल रही आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी के जीर्णोद्धार के लिए सीएम ने तीन लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। मौजूदा समय में बद्दी स्थित आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी एक प्राचीन इमारत में चल रही है। हालांकि यह इमारत अब विभाग के अधीन है, बावजूद इसके देखरेख के अभाव में यह खंडहर होती जा रही है। विभाग के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के बीबीएन दौरे के दौरान इस प्राचीन धरोहर के जीर्णोद्धार के लिए बजट की मांग रखी थी।
जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. अजय महाजन, एडीएएमओ विजय शर्मा, डॉ. नीरज जुल्का, डॉ. रमा जुल्का, डॉ. सतनाम सिंह, डॉ. सुखविंद्र सिंह, डॉ. ज्योति आयुर्वेदिक फार्मासिस्ट एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष गुरचरण सिंह ने भवन के लिए बजट स्वीकृत कर मुख्यमंत्री का आभार जताया है। इस संबंध में अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ की बद्दी इकाई के अध्यक्ष धर्मपाल कानूनगो और महासचिव ओमकार सिंह ने आयुर्वेदिक भवन की मरम्मत के लिए तीन लाख रुपये स्वीकृत करने पर खुशी जताई है। वहीं तहसील कार्यालय के लिए एक करोड़ रुपये राशि जारी करने पर सीएम का आभार जताया। उन्होंने बताया कि पांच करोड़ की लागत से बद्दी में तहसील कार्यालय का निर्माण होना है जिसकी पहली एक करोड़ रुपये की किश्त मुख्यमंत्री ने जारी कर दी है।
