
अकाउंट हैक करके हजारों की शॉपिंग
बद्दी (सोलन)। एक कंपनी में तैनात कर्मचारी का अकाउंट हैक करके शातिरों ने हजारों उड़ा लिए हैं। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने पाया है कि उसका अकाउंट हैक करके शातिरों ने करीब 49 हजार की शॉपिंग कर डाली है। पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत मुकदमा कायम करे छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार डाबर कंपनी में तैनात कर्मचारी प्रदीप सिंह ने बताया कि उसका बद्दी स्थित एक बैंक में खाता है। उन्होंने बैंक से क्रेडिट कार्ड भी ले रखा है, लेकिन शातिरों ने उसके खाते से 49 हजार रुपये निकाल लिए। बीते दिन जब वह बैंक गया तो अपने खाते से पैसे गायब देखकर चकित रह गया। उसने इस बारे में बैंक के अधिकारियों से पूछताछ की गई तो पता चला कि उसके क्रेडिट कार्ड से 49 हजार रुपये की ट्रांजेक्शन हुई है। ट्रांजेक्शन शॉपिंग के रुप में हुई है। एसपी अरुल कुमार ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आईटी एक्ट की धारा 66 के तहत मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
बद्दी थाने में इस तरह का यह दूसरा मामला है। इससे पूर्व जनवरी माह में बद्दी थाने में हरियाणा के तीन आईटी के छात्रों ने कांगड़ा के युवक का बैंक खाता हैक करके बंगलूर के एक युवक से विदेश से भेजने के नाम पर ठगी की थी। इस मामले में तीन छात्रों को गिरफ्तार कर लिया था।
यह बरतें सावधानियां
– ऑन लाइन ट्रांजेक्शन को ध्यान से करें
– एटीएम, डेबिट कार्ड का पिन किसे न दें
– समय-समय पर पासवर्ड बदलते रहे
– एक समय एक ही व्यक्ति एटीएम में रहे
– क्रेडिट कार्ड को खुद ही ऑपरेट करें
– शापिंग के वक्त कार्ड का इस्तेमाल दूसरों से न करवाएं
