सीयू का शिलान्यास नवंबर में करेंगी सोनिया

धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय का आखिरकर धर्मशाला में शिलान्यास होने जा रहा है। यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी नवंबर माह के दूसरे सप्ताह में प्रदेश के दौरे पर आ रही हैं। इस दौरान धर्मशाला में सीयू का शिलान्यास भी करेंगी। 2007 में हिमाचल के लिए मंजूर हुआ केंद्रीय विश्वविद्यालय क्षेत्रीय राजनीति के चलते स्थायी रूप से स्थापित नहीं हो पाया। अब 2013 में लोकसभा चुनाव से पहले प्रदेश व केंद्र सरकार ने सीयू को स्थायी रूप से स्थापित करने का निर्णय लिया है। प्रदेश सरकार ने धर्मशाला में केंद्रीय विश्वविद्यालय का नींव पत्थर रखने का निर्णय लिया है। जिसमें कांग्रेस और यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी बतौर मुख्यातिथि उपस्थित होकर सीयू का शिलान्यास करेंगी। सोनिया गांधी नवंबर माह के दूसरे सप्ताह के दौरान हिमाचल का दौरा करेंगी और सेंटर यूनिवर्सिटी का नींव पत्थर रखेंगी। हालांकि, सोनिया के आने का दिन अभी तक निर्धारित नहीं हो पाया है, लेकिन यह पुख्ता है कि सोनिया गांधी नवंबर माह के दूसरे सप्ताह में हिमाचल का दौरा कर सीयू का शिलान्यास करेंगी।

2009 में हुई स्थापित
हिमाचल प्रदेश में सेंटर यूनिवर्सिटी मार्च 2009 में स्थापित हुई। प्रधानमंत्री ने 15 अगस्त 2007 को विभिन्न राज्यों के लिए 16 नए केंद्रीय विश्वविद्यालय मंजूर किए थे। जबकि, यूजीसी के नियमानुसार जनवरी 2010 में प्रदेश में सेंटर यूनिवर्सिटी ने कार्य करना शुरू कर दिया। तब से आज तक सीयू शाहपुर में चल रही है। सीयू के लिए केंद्र सरकार की ओर से एक हजार करोड़ रुपये का बजट जारी किया है।
इनसेट….
अस्थायी भवन में चल रही यूनिवर्सिटी
बीते सालों से हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय शाहपुर स्थित अस्थायी भवन में चल रहा है। अब तक सीयू में करीब दो दर्जन विभाग शुरू हो पाए हैं। भवन की दिक्कत होने के चलते बाकी विभाग अभी तक शुरू नहीं किए जा सके हैं। अब रास्ता खुलता दिख रहा है।

120 हेक्टेयर भूमि चयनित
केंद्रीय विश्वविद्यालय के लिए धर्मशाला स्थित, टाऊ चोला औकर इंद्रुनाग के आसपास 120 हेक्टेयर भूमि का चयन कर लिया गया है। जबकि सात हजार करनाल भूमि की स्वीकृति अभी बाकी है। जिसकी स्वीकृति पर्यावरण मंत्रालय द्वारा दी जाएगी।

सोनिया करेंगी सीयू का शिलान्यास : सुधीर
प्रदेश सरकार के शहरी एवं विकास मंत्री सुधीर शर्मा ने बताया कि हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय का शिलान्यास आगामी नवंबर माह में यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी करेंगी। सोनिया गांधी का दौरा निर्धारित हो चुका है तथा वह आगामी माह के दूसरे सप्ताह में प्रदेश का दौरा करेंगी। उन्होंने कहा कि धर्मशाला में इंद्रुनाग और टाऊ चोला में चयनित भूमि पर सीयू का शिलान्यास किया जाएगा।

Related posts