बेरीनाग में ठंड के मौसम में लदे हैं आम

बेरीनाग (पिथौरागढ़)। अमूमन ठंडे इलाके में आम नहीं होता है, लेकिन 1780 मीटर की ऊंचाई पर स्थित हिल स्टेशन बेरीनाग में ठंड के मौसम में आम की पैदावार हो रही है। यह करिश्मा यहां वन रेंजर केआर आर्य के बगीचे मेें देखा जा सकता है। उनके बगीचे में दो पेड़ों में एक या दो नहीं, आम के 32 दाने लगे हैं। लोग तो इसे चमत्कार मान रहे हैं, लेकिन श्री आर्य कहते हैं कि यह आम उगाने का वैज्ञानिक तरीका अपनाने का नतीजा है।
13 साल तक एडीओ (वन) के पद पर कार्यरत रहे केआर आर्य डेढ़ साल से अस्कोट में वन रेंजर हैं। बेरीनाग में पुरानाथल रोड स्थित अपने घर के बगीचे में उन्होंने जुलाई 2010 में आम्रपाली प्रजाति के आम के दो पौधे लगाए थे। ये पौधे वह रामनगर की सूर्योदय नर्सरी से लेकर आए थे। करीब दो माह पहले इन पेड़ों में बौर आना शुरू हुआ। पांच इंच मोटे और पांच फीट ऊंचे इन पेड़ों में अब एक में 26 और दूसरे में छह आम लगे हैं। श्री आर्य के भाई पुष्कर लाल ने बड़े भाई के अस्कोट चले जाने के बाद इन पेड़ों की देखभाल का जिम्मा उठाया हुआ है।

Related posts