
नई दिल्ली में आम आदमी पार्टी चुनाव की शतरंजी बिसात पर मुहरें फिट कर रही है। पार्टी ने अभी तक 60 सीटों से प्रत्याशियों का ऐलान किया है।
इसमें से करीब पचास फीसदी लोगों का अपना कारोबार है। कोई वास्तुकार है तो मोहल्ले का दुकानदार और मूर्तिकार। पार्टी का कहना है कि तयशुदा प्रक्रिया के तहत ही उम्मीदवारी पक्की होती है।
यह महज संयोग हो सकता है कि कारोबारी बहुमत में हैं। एक वरिष्ठ पदाधिकारी के मुताबिक, इनमें से ज्यादातर प्रत्याशी अन्ना आंदोलन से जुड़े रहे हैं।
उम्मीदवारों की लिस्ट में नौकरीपेशा, समाजसेवी, तीन किसान और एक डॉक्टर शामिल हैं। वहीं करीब छह लोग ऐसे हैं जिनकी आय का जरिया किराएदारी है।
इसके अलावा एक पूर्व कमांडो, सेवानिवृत्त कर्नल के साथ तीन लोग मीडिया से भी जुड़े हैं। अपना कारोबार करने के मामले में एक उम्मीदवार आर्किटेक्ट कंसल्टेंट है।
प्रत्याशियों के शैक्षिक पृष्ठभूमि की बात की जाए तो 12वीं तक पढ़ाई करने वाले लोगों की तादाद एक तिहाई है। इनमें से एक मैट्रिक पास है। वहीं, आईआईटी, एम.कॉम, एमबीबीएस, एलएलबी, बीएड, एमसीए डिग्रीधारी भी मैदान में हैं।
सबसे छोटा 25 तो उम्रदराज 56 साल का
मल्टीनेशनल कंपनी में नौकरी करने वाले प्रकाश की उम्र 25 साल है। पार्टी ने इन्हें देवली से प्रत्याशी बनाया है। वहीं, यूपीएससी की तैयारी कर रहे 28 वर्षीय कपिल कुमार धामा मुस्तफाबाद से चुनाव लड़े रहे हैं।
दोनों युवा अन्ना आंदोलन से अरिवंद के साथ जुड़े हुए हैं। दूसरी तरफ गांधी नगर प्रत्याशी अनिल वाजपेयी की उम्र 56 साल है।
