दाल-तेल गायब, चीनी का संकट

vमंडी/सुंदरनगर/सरकाघाट/ धर्मपुर/पांगणा। त्योहारी सीजन में लोगों को सस्ती राशन की दुकान से राशन नहीं मिल रहा। दालें, तेल और चीनी गायब है। लोग बार-बार डिपुओं के चक्कर काटने को मजबूर हैं, लेकिन उन्हें खाली हाथ वापस लौटना पड़ रहा। उपभोक्ताओं को महंगाई के दौर में बाजार से दाल, तेल तथा चीनी खरीदनी पड़ रही है। मंडी सहित सुंदरनगर, सरकाघाट और धर्मपुर के कई क्षेत्रों में यह समस्या चल रही है। लोग परेशान हैं, प्रशासन और सरकार खामोश है।
सरकाघाट उपमंडल के गोपालपुर विकास खंड में 33 तथा धर्मपुर विकास खंड में 25 उचित मूल्य की दुकानें है। इनके माध्यम से लोगों को सस्ता राशन मिलता है, लेकिन पिछले माह से डिपुओं पर दालें, तेल, चीनी का पूरा कोटा न मिलने के कारण उपभोक्ताओं को महंगाई की मार झेलनी पड़ रही है। इस माह भी दालें तथा तेल उपलब्ध नहीं हो सका है। चीनी का कोटा भी अगस्त तक ही मिला है।
ज्ञान चंद, राजकुमार, कमला देवी, विमला देवी, शांता देवी, ब्रम्ही देवी, निर्मला, विजय कुमार, बसंत सिंह, पवन कुमार, रेवत राम, कर्म चंद, संजय कुमार, प्रेम चंद, शारदा, बबली, लता देवी का कहना है कि डिपुओं के कई चक्कर दालों तथा तेल के लिए लगा चुके हैं। पहले दिवाली पर सरकार की ओर से चीनी का विशेष कोटा दिया जाता है। जिसे बंद कर दिया गया। करसोग क्षेत्र के पांगणा में दालें तथा चीनी की सप्लाई कम आ रही है। सुंदरनगर क्षेत्र के कुछ क्षेत्रों में डिपुओं पर दालें तथा तेल का कोटा नहीं मिल रहा है।
इस बारे में खाद्य आपूर्ति विभाग के निरीक्षक पंकज शर्मा ने बताया कि सप्लाई न आने के कारण यह समस्या आई आ रही है। अब गोदामों में सप्लाई पहुुंचना शुरू हो गई है। एक सप्ताह के भीतर उपभोक्ताओं को दालें तथा तेल उपलब्ध करवा दिया जाएगा।

हेराफेरी करने वालों पर सख्त कार्रवाई
मंडी। प्रदेश सरकार ने डिपुओं पर सस्ता राशन वितरण में हेराफेरी करने वालों पर ठोस कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। नाचन दौरे पर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने जनसभा में कहा था कि डिपुओं पर टोल फ्री के बोर्ड लगाए जाएंगे। अगर किसी उपभोक्ता की राशन न मिलने तथा गड़बड़ी करने की शिकायत मिलती है तो सरकार इस पर तत्काल कड़ी कार्रवाई करेगी। जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक रविंद्र सिंह ने कहा कि डिपुओें पर सभी को अधिकारियों के नंबर लगाने के निर्देश दिए हैं। सचिवालय में राशन संबंधित शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर है।

Related posts