22 डिपो होल्डरों को कारण बताओ नोटिस

चंबा। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने अनियमितताएं बरतने वाले डिपो होल्डरों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। विभाग की ओर से खाद्य आपूर्ति नियंत्रक एवं निरीक्षक इन दिनों जिला भर के डिपो होल्डरों का औचक निरीक्षण करके रिकार्ड खंगाल रहे हैं। इसके अलावा राशन उठाने व इसके वितरण में देरी करने वाले डिपो होल्डरों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है। निरीक्षण के दौरान दो दर्जन के करीब डिपुओं में अनियमितताएं पाई गई हैं। इस पर विभाग ने कार्रवाई करते हुए जिले के 22 डिपो होल्डरों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इस नोटिस के जरिए इन डिपो होल्डरों से अनियमितताओं के बारे में एक हफ्ते के भीतर जवाब मांगा गया है। ऐसा न करने पर डिपो होल्डरों के लाइसेंस रद किए जा सकते हैं। विभाग से प्राप्त जानकारी के मुताबिक जिले में कई डिपो होल्डर समय पर गोदामों से राशन नहीं उठा रहे हैं। इसके अलावा कुछ डिपो होल्डर राशन वितरण में भी अनियमितताएं बरत रहे हैं। ऐसे में राशनकार्ड धारकों को डिपुओं से सस्ता राशन प्राप्त करने में दिक्कतें पेश आ रही हैं। ऐसी शिकायतें खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को कई दिनों से मिल रही हैं। इसके चलते खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के जिला नियंत्रक आरके चड्ढा व विभिन्न निरीक्षकों ने जिला भर के डिपुओं का निरीक्षण करना शुरू किया है। इस दौरान कई डिपुओं में अनियमितताएं पाई गईं। उन्होंने बताया कि कुछ डिपो होल्डरों द्वारा राशन का रिकार्ड दुरुस्त नहीं किया गया था। इसके अलावा कुछ डिपो होल्डर समय पर राशन की सप्लाई नहीं ले रहे थे। उन्होंने बताया कि 22 डिपो होल्डरों को कारण बताओ नोटिस जारी करके एक हफ्ते में जवाब देने को कहा गया है। इसके बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Related posts