दो महीने बाद भी लापता पुलिस कर्मी का सुराग नहीं

कांडा। तहसील क्षेत्र के अंतर्गत बजीना गांव निवासी लापता पुलिस कर्मी का सवा दो महीने बाद भी पता नहीं चल सका है। पत्नी ने मानवाधिकार आयोग को पत्र लिखकर पति को खोजने में मदद करने की गुहार लगाई है। खोज नहीं होने पर भूख हड़ताल करने की धमकी दी।
ज्ञापन में बजीना निवासी बसंत राम की पत्नी मीना देवी का कहना है कि उसके पति पिथौरागढ़ जिले के थाना जौलजीबी में सिपाही के पद पर तैनात थे। गत तीन अगस्त को वह तीन दिन की छुट्टी लेकर घर आए। छुट्टी बिताकर अपनी तैनाती स्थल को रवाना हुए। 20 अगस्त को उनकी फोन पर उनसे अंतिम बार बात हुई। तब वह अपने किसी दोस्त के साथ बैठे थे। इसके बाद उनका कोई फोन नहीं आया। संपर्क करने पर उनका फोन बंद आ रहा था। 23 अगस्त को जौलजीबी थाने से उनके पति के घर आने की बात पूछी गई। क्योंकि वह 21 अगस्त से थाने में अनुपस्थित थे। उसके बाद वह 27 अगस्त को वह परिजनों के साथ जौलजीबी थाने गई। कई जगह पूछने के बाद भी उनके पति का पता नहीं चल सका। सवा दो महीने बीत जाने के बाद भी उनके पति का आज तक कोई सुराग नहीं लग सका है। मीना का कहना है कि वह सीएम और पुलिस के उच्चाधिकारियों से गुहार लगा चुकी है। लेकिन उन्हें आज तक न्याय नहीं मिल सका है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि नौ नवंबर तक उन्हें पति की सूचना नहीं मिली तो वह पिथौरागढ़ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में क्रमिक अनशन शुरू कर देंगी। यदि इसके बाद भी उनकी मांग नहीं मानी गई तो पूरे परिवार के साथ भूख हड़ताल शुरू कर देंगी।

Related posts