
सुंदरनगर (मंडी)। वन विभाग में हाल ही में भर्ती हुए वन रक्षकों के प्रशिक्षण कोर्स के 21वें बैच का शुभारंभ मंगलवार को वानिकी प्रशिक्षण केंद्र एवं रेंजर कॉलेज सुंदरनगर में मुख्य अरण्यपाल आरके गुप्ता ने किया। आरके गुप्ता ने प्रशिक्षु वनरक्षकों को कड़ी मेहनत करने और वन भूमि, वृक्षों और वन्य जीवों की रक्षा करने का आह्वान किया।
उन्होंने वानिकी प्रशिक्षण संस्थान और रेंजर कॉलेज में चल रही विभिन्न गतिविधियों का जायजा लिया तथा कई कार्यों के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। सभी प्रशिक्षु वन रक्षकों ने वनों को बचाने का प्रण लिया। 21वें बैच में कुल 50 वन रक्षक प्रशिक्षण लेंगे। इनमें 14 महिलाएं और 36 पुरुष शामिल हैं। चंबा वन वृत्त से 14, हमीरपुर से 10, मंडी से 9, धर्मशाला से 8, वन्य प्राणी विंग धर्मशाला के 4, कुल्लू के 3 और नेशनल पार्क शमशी के 2 वनरक्षक शामिल हैं। इस मौके पर अतिरिक्त प्रधान मुख्य अरण्यपाल (अनुसंधान एवं प्रशिक्षण) अरविंद कुमार अलीपुरिया, मुख्य अरण्यपाल अनुसंधान अजय श्रीवास्तव, वानिकी प्रशिक्षण केंद्र के प्रधानाचार्य सुरेंद्र कुमार गुप्ता, डीएफओ मुख्यालय (अनुसंधान एवं प्रशिक्षण) सुरेंद्र कुमार गुलेरिया सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
