
सुंदरनगर (मंडी)। सुंदरनगर बीएसएल थाना पुलिस और बल्ह पुलिस ने सोमवार रात को तीन विभिन्न स्थानों पर 88 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने तीनों मामलों में संलिप्त आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। सुंदरनगर की बीएसएल थाना पुलिस ने मंगलवार रात करीब नौ बजे नरेश चौक पर नाके के दौरान बस में सवार बिहार निवासी अभिषेक सिंह के पास से 33 ग्राम चरस बरामद की। दूसरे मामले में पुलिस ने रात करीब दस बजे नाके के दौरान ही थाना प्रभारी बिन्नी मिन्हास के नेतृत्व में फतेहपुर पंजाब निवासी गिरमर सिंह के पास से 30 ग्राम चरस बरामद की। बल्ह थाना पुलिस ने नेरचौक के निकट गश्त के दौरान एक व्यक्ति की संदेह के आधार पर जब तलाशी ली तो उसके पास से पुलिस को 25 ग्राम चरस बरामद हुई। आरोपी की शिनाख्त नागचला निवासी सोहन सिंह के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक मंडी आरएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ कार्रवाई आरंभ कर दी है।
