उतराला विद्युत प्रोजेक्ट में थमीं टरबाइन

बैजनाथ (कांगड़ा)। विद्युत बोर्ड की छह मेगावाट की उतराला स्थित विद्युत परियोजना में पिछले दो माह से अधिक समय से उत्पादन ठप है। तीस वर्षों से चल रहे प्रोजेक्ट में तीन टरबाइनोें के माध्यम से करीब एक लाख 40 हजार यूनिट बिजली का उत्पादन होता था। यह ठप पड़ा है। रोजाना विभाग को करीब साढे़ पांच लाख रुपये की चपत लग रही है।
प्रोजेक्ट के कार्यों की देखरेख के लिए एक अधिशाषी अभियंता, दो सहायक अभियंता, पांच कनिष्ठ अभियंता तथा एक दर्जन तकनीकी कर्मचारियों सहित कार्यालय का कामकाज देखने के लिए कर्मचारी तैनात हैं और हर माह विभाग प्रोजेक्ट के रख-रखाव पर हजारों रुपये खर्च कर रहा है। प्रोजेक्ट से पैदा होने वाली बिजली को बैजनाथ स्थित 11केवी सब-स्टेशन से संबंद्ध किया गया है। अब उत्पादन न होने पर निजी कंपनी और बस्सी तथा दैहण से विद्युत आपूर्ति की जा रही है। लंबे अरसे से प्रोजेक्ट के बंद होने को अब तक विभाग ने गंभीरता से नहीं लिया है। अधिशाषी अभियंता बीएस जवाल का कहना है कि 30 वर्ष पुराने रनरों के खराब हो जाने के कारण पिछले कुछ दिनोें से उत्पादन बंद है। जल्द उत्पादन शुरू हो जाएगा।

Related posts