सर्किट बैंच पर भड़की बार एसोसिएशन

धर्मशाला। जिला बार एसोसिएशन ने अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय के सर्किट बैंच खोले जाने का कड़ा संज्ञान लिया है। मंगलवार को जिला अध्यक्ष अधिवक्ता टेक चंद राणा की अध्यक्षता में बैठक के दौरान इस मुद्दे पर चर्चा की गई। बैठक में हाईकोर्ट के 14 अक्तूबर से 19 अक्तूबर तक पालमपुर, देहरा और नूरपुर में अतिरिक्त जिला एवं सत्र के सर्किट बैंच लगाने पर नाराजगी जाहिर की गई। राणा ने कहा कि हाईकोर्ट ने जिले के उपमंडलों में अतिरिक्त जिला एवं सत्र कोर्ट के सर्किट बैंच के टूअर तो लगा दिए हैं लेकिन धर्मशाला बार एसोसिएशन की धर्मशाला में हाईकोर्ट के सर्किट बैंच की मांग को अभी तक अनदेखा किया गया है।
उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट के इस कदम से जिला न्यायालय के अधिवक्ताओं को केस के सिलसिले में अब उपमंडलों में जाना पड़ेगा, जो उचित नहीं। राणा ने मांग की है कि जिले के विभिन्न उपमंडलों में अतिरिक्त जिला एवं सत्र कोर्ट के सर्किट बैंच लगाने के कदम को वापस लिया जाए या फिर लोगों को घरद्वार पर न्याय दिलाने के लिए हर जिला मुख्यालय में हाईकोर्ट के सर्किट बैंच टूअर भी लगाए जाएं। अगर जल्द मांग को पूरा नहीं किया गया तो मजबूरन जिला बार एसोसिएशन को आंदोलन की राह पर चलना पड़ेगा।

Related posts