पिस्तौल के बल पर युवती का अपहरण

जवाली (कांगड़ा)। कांग्रेस के एक आला नेता के रिश्तेदार ने पिस्तौल के बल पर युवती का अपहरण कर लिया। दिनदहाड़े युवती के घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया गया। व्यक्ति अपने दो साथियों के साथ घर में दाखिल हुआ और अंदर सो रही युवती को जबरदस्ती उठाकर ले गए। वारदात के बाद यहां सनसनी फैल गई है। पुलिस ने युवती की मां की शिकायत पर अपहरण का केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि युवती जीएनएम (नर्सिंग) का कोर्स कर रही है और करड़ियाल गांव की रहने वाली है। अपहरण करने वाला व्यक्ति बार एसोसिएशन जवाली का प्रधान भी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक युवती की मां ने शिकायत दर्ज करवाई है कि दोपहर करीब दो बजे घर में कामकाज निपटा रही थी। उसकी बेटी भी घर पर ही थी। इसी दौरान अंतरिक्ष चौधरी निवासी ढन अपने दो साथियों के साथ अंदर घुस आया। तीनों सीधे युवती के कमरे घुसे और उसे उठाने का प्रयास करने लगे। युवती ने विरोध जताया तो अंतरिक्ष ने पिस्तौल उसके सिर पर तान दी। इसके बाद पिस्तौल के बल पर युवती को गाड़ी में बैठाकर ले गए। पुलिस ने युवती की मां के बयान पर अपहरण और शस्त्र अधिनियम में मामला दर्जकर लिया है। सभी आरोपियों की तलाश पुलिस ने शुरू कर दी है। डीएसपी जवाली धर्म चंद वर्मा ने बताया कि पुलिस ने अंतरक्षि के खिलाफ मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। उसके संभावित ठिकानों पर पुलिस दबिश दे रही है।

Related posts