एटीएम लूटने का प्रयास

चौखुटिया। रविवार की रात एटीएम लूटने का असफल प्रयास किया गया। गार्ड की मुस्तैदी के चलते लुटेरा अपने मकसद में कामयाब नहीं हो पाया। इस मामले में पकड़ा गया युवक बीटेक तृतीय वर्ष का छात्र है। जो इसी विकास खंड के पैली का रहने वाला है।
चौखुटिया बाजार के द्वाराहाट रोड तिराहे पर एसबीआई का एटीएम है। गार्ड संजय आर्या द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार वह रात्रि में शौच को बाहर आया था। वापस आने पर उसने देखा कि एक युवक मुंह पर कपड़ा बांधे एटीएम के अंदर घुसा था। वह एटीएम पर लगा ढक्कन तोड़कर मुख्य लॉक तोड़ने का प्रयास कर रहा था। उसे देख युवक चांदीखेत बाजार की ओर भाग गया। गार्ड ने गश्त कर रही पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने युवक को करीब एक किलोमीटर दूर खिरचौरा मंदिर के निकट पकड़ लिया।
पकड़ा गया युवक कमल नेगी पुत्र स्व.शोहन सिंह नेगी ग्राम पैली गर्जिया का मूल निवासी है। जो देहरादून में बीटेक तृतीय वर्ष का छात्र है। पुलिस ने बताया कि धारा 379, 427 और 511 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। युवक के पास से सेलो टेप, पेंचकस आदि भी मिला है। पुलिस ने बताया कि युवक ने एटीएम में लगे सीसी कैमरे पर भी सेलो टेप लगा दिया था। इधर बैंक प्रबंधक सुदर्शन कटारिया ने बताया कि एटीएम का ढक्कन आसानी से नहीं खुलता है। युवक द्वारा उसे औजारों से तोड़ा गया है।

Related posts