
शिमला। सब्जी मंडी सड़क पर दोपहिया और चौपहिया वाहनों को पार्क करने पर अब फीस चुकानी होगी। नगर निगम ने सब्जी मंडी सड़क एक साल के लिए ठेके पर दे दी है। सब्जी मंडी मैदान से ऊपर और नीचे 6 घंटे के लिए दोपहिया वाहन खड़े करने के लिए 10 रुपये और 12 घंटे के 15 रुपये चुकाने होंगे। सब्जी मंडी में सब्जियां लेकर आने वालों और यहां से सब्जियां ले जाने वालों को भी अब गाड़ी खड़ी करने के लिए जेब ढीली करनी होगी। इन्हें 6 घंटे के 15 रुपये और 12 घंटे के लिए 30 रुपये देने होंगे।
सोमवार को निगम के सहायक आयुक्त के दफ्तर में नीलामी हुई। इस दौरान निगम की ऑकलैंड परिसर स्थित कार पार्किंग 4.11 लाख रुपये में एक साल के लिए बिकी। पार्किंग सामुदायिक केंद्र कैथू सालाना 42 हजार रुपये में नीलाम हुई। कनलोग स्थित निगम की दुकान नंबर चार 3134 रुपये के मासिक किराये, दुकान नंबर 212 टुटू व्यावसायिक परिसर 2650 रुपये के मासिक किराये पर नीलाम की गई। मैट्रोपोल के नीचे टैरेस फ्लोर पार्किंग और चौथी मंजिल में कैंटीन लेने के लिए किसी ने आवेदन नहीं किया। पीके कोल कंपनी खलीनी की कार पार्किंग के लिए भी कोई आवेदन नहीं आया। अग्रवाल धर्मशाला लौंगवुड में ऊपरी और निचली मंजिल के लिए सिर्फ एक-एक आवेदन आया। सोमवार को निगम की संपदा शाखा ने नीलामी में आवेदन करने वालों की उपस्थिति में टेंडर खोले। एक-एक आवेदन होने की स्थिति में नीलामी नहीं हो सकी। निगम के सहायक आयुक्त नरेश ठाकुर ने बताया कि इन दुकानों, कैंटीन और पार्किंगों के बाबत निगम प्रशासन दोबारा विचार करेगा।
आज नीलाम होंगी ऑकलैंड परिसर की दुकानें
शिमला। ऑकलैंड में बनाए गए शॉपिंग कांप्लेक्स की 13 दुकानों की मंगलवार को नीलामी होगी। सहायक आयुक्त नरेश ठाकुर ने बताया कि व्यावसायिक परिसर में 20 दुकानें बनाई गई हैं। 7 दुकानों की नीलामी हो गई है।
