
शिमला। पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि देश की यूपीए सरकार ने युवा बेरोजगारों के साथ छल किया है। केंद्र सरकार सभी मोर्चों पर विफल रही है। वे सोमवार को कसुम्पटी मंडल (ढली) और शिमला ग्रामीण मंडल (भाजपा कार्यालय दीप कमल) के अभ्यास वर्ग में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार के समय तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने 6 करोड़ बेरोजगारों को रोजगार दिया। लेकिन वर्तमान प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह मात्र 27 लाख बेरोजगारों को रोजगार दे पाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हिमाचल सरकार भी केंद्र के पद चिन्हों पर चल रही है। बेरोजगार युवकों को झूठा आश्वासन दिया था और बेरोजगारी भत्ता देने की बात कही थी। लेकिन सरकार बनते ही इसे भूला दिया गया। प्रदेश का बेरोजगार खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। प्रदेश में 30 प्रतिशत बस किराये का बोझ जनता पर डाल दिया। सरकारी दुकानों से सस्ता राशन गायब हो गया है। मुफ्त वर्दी योजना की ओर सरकार का कोई ध्यान नहीं है।
वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि कार्यकर्ता की पहचान उसके बूथ की बढ़त से होगी और सभी कार्यकर्ता ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ का लक्ष्य लेकर कार्य करना शुरू कर दें। पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधायक सुरेश भारद्वाज ने पार्टी का इतिहास, विकास एवं पार्टी की विशेषता विषय पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। सांसद वीरेंद्र कश्यप ने अपने संसदीय क्षेत्र के विकास पर प्रकाश डाला और कार्यकर्ताओं से पूरी लग्न के साथ जीत के लक्ष्य को लेकर जुटने का आग्रह किया।
