
रिवालसर (मंडी)। सरस्वती उच्च विद्यालय रिवालसर में दो दिवसीय जिला स्तरीय विज्ञान मेले का समापन जिला परिषद सदस्य घनश्याम ठाकुर ने किया। प्रधानाचार्य पूर्ण चंद ने बताया कि मेले में पांच स्कूलों से करीब डेढ़ सौ विद्यार्थियों ने भाग लिया। मॉडल प्रदर्शनी के विभिन्न वर्गों में करसोग से साक्षी कपूर, सरकाघाट के उल्लास और खुशहाल मंडी ने पहला स्थान प्राप्त किया। बाल वर्ग में करसोग के मनीष ठाकुर, सुंदरनगर के रितिक, करसोग के अमित, सरकाघाट की सिमरन, किशोर वर्ग में सुंदरनगर के आदित्य, करसोग के सिद्धांत शर्मा, सुंदरनगर के गौरव, बगस्याड़ से हितेश कुमार, सुंदरनगर के यशपाल प्रथम रहे।
गणित प्रदर्शनी में सुंदनगर के जतिन, मंडी के तरुण शर्मा प्रथम स्थान, पत्र वाचन में सुंदरनगर के लीला प्रकाश, अपूर्णा ने प्रथम स्थान, वैदिक गणित पत्र वाचन में करसोग से प्रिया वर्मा, मंडी से नेहा शर्मा ने प्रथम स्थान, प्रयोगात्मक गतिविधियों में मंडी से अविनाश ने प्रथम स्थान हासिल किया।
जिला स्तर पर जिन बच्चों ने प्रथम स्थान हासिल किया है। वे शिमला में होने वाले राज्य स्तरीय विज्ञान मेले में हिस्सा लेंगे। इस अवसर पर घनश्याम ठाकुर ने कहा कि बच्चों को इस तरह की गतिविधियों में बढ़चढ़ कर भाग लेना चाहिए। उन्होंने जिला परिषद निधि से 50 हजार रुपये देने की घोषणा की तथा बच्चों के लिए अपनी ओर से 1100 रुपये की नगद राशि भेंट की। इस दौरान हिमाचल शिक्षा समिति के पदाधिकारी खेम सिंह ठाकुर, विभागाध्यक्ष मुनी लाल भारद्वाज, महासचिव जयराम ठाकुर मौजूद थे।
