चुनाव को कर्मचारियों ने कसी कमर

कांगड़ा। गैर शिक्षक कर्मचारी महासंघ के जिलास्तरीय चुनाव 18 अक्तूबर को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नया कांगड़ा के प्रांगण में हो रहे हैं। चुनाव में अहम ओहदों पर बैठने के लिए कर्मचारी नेताओं ने सियासी गोटियां फिट करनी शुरू कर दी हैं।
महासंघ के सूत्रों के अनुसार चंद्राभ मिश्रा के इस बार अध्यक्ष पद का चुनाव न लड़ने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में अध्यक्ष पद के लिए फतेहपुर से संजय गुलेरी, धर्मशाला से जितेंद्र पठानिया, अभिषेक शर्मा, कांगड़ा से वीरेश भारती, जवाली से वीरेंद्र चौधरी का नाम उभरकर सामने आ रहा है। बालकृष्ण कपूर का अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ का जिलाध्यक्ष बनने के बाद महासंघ के खाली हुए महामंत्री के पद पर चुनाव लड़ने को कई उम्मीदवारों के नाम सामने आ रहे हैं। धर्मशाला से ईश्वर दास, इंदौरा से सुनील कुमार, देहरा से अमित कौशल के नाम इस पद पर चुनाव लड़ने के लिए चरचाओं में हैं। वहीं वरिष्ठ उपाध्यक्ष व कोषाध्यक्ष के लिए बहुत से कर्मचारी नेता सियासी जोड़तोड़ में लगे हुए हैं। महासंघ के जिला प्रवक्ता नरेंद्र कुमार ने बताया कि गैर शिक्षक कर्मचारी महासंघ का चुनाव तीन सालों के लिए मान्य होगा। चुनाव में सभी खंडों के कर्मचारी भाग लेंगे। चुनाव जिला अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के प्रधान बालकृष्ण कपूर की अध्यक्षता में आयोजित होगा।

झुलसे मां और बेटी की हालत में सुधार
पालमपुर (कांगड़ा)। दशहरा पर्व पर रावण के पुतले का दहन करते समय झुलसे मां और बेटे की हालत में आंशिक सुधार हुआ है। दोनों घायलों का इलाज टांडा मेडिकल कालेज में चल रहा है। गौर हो कि पालमपुर के अरला में रावण दहन के समय मां और बेटे झुलस गए थे। उसके बाद उन्हें इलाज के लिए टीएमसी ले जाया गया था। भवारना पुलिस के जांच अधिकारी एएसआई जसपाल सिंह ने बताया कि दोेनों की हालत में आंशिक सुधार बताया जा रहा है।

Related posts