एक किलो 2 सौ ग्राम चरस समेत दो गिरफ्तार

गोहर (मंडी)। उपमंडल के अंतर्गत चैलचौक और जंजैहली के लंबाथाच में गोहर पुलिस ने गश्त के दौरान एक किलो दो सौ ग्राम चरस के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मादक द्रव्य अधिनियम के तहत केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक चैलचौक के समीप जासण में प्रोबेशनर एसएचओ निर्मल सिंह ने रविवार सुबह करीब पांच बजे नाका लगाया हुआ था। इस दौरान चैलचौक से बग्गी की ओर जा रहे एक व्यक्ति डोला राम निवासी शिल्हीबागी को संदेह के आधार पर पुलिस ने रोका तो उसके कब्जे से पुलिस को दो सौ ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके छानबीन शुरू कर दी है। दूसरे मामले में पुलिस ने थाना प्रभारी नवीन झालटा के नेतृत्व में जंजैहली के समीप लंबाथाच कॉलेज के पास नाका लगाया हुआ था। शनिवार रात अचानक शिल्हीबागी निवासी नाहर सिंह जैसे ही थुनाग की तरफ आया तो पुलिस ने उसे तलाशी के लिए रोका। पुलिस ने नाहर सिंह के कब्जे से एक किलो चरस बरामद की। एसपी आरएस नेगी ने पुष्टि करते बताया कि दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है। चरस कहां से लाई गई और कहां बेची जानी थी, इसके बारे में पुलिस हर पहलु को ध्यान में रखते हुए मामले की तहकीकात कर रही है। बाजार में चरस की कीमत लाखों में बताई जा रही है।

Related posts