बैठकों में न आने पर होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई

नेरचौक (मंडी)। बल्ह ब्लॉक कांग्रेस की बैठक में आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर गहन चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता बल्ह के प्रभारी डा. जय कुमार आजाद ने की। बैठक में पिछले लोकसभा चुनाव में प्राप्त वोटों की बढ़त को बढ़ाने के लिए बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिए गए।
रविवार को आयोजित बैठक में ब्लॉक के अध्यक्ष कुलदीप ठाकुर ने कहा कि 26 अक्तूबर को कांग्रेस की राज्यस्तरीय बैठक शिमला में होगी। जिसमें प्रदेश के सभी मंडलों के अध्यक्षों, उपाध्यक्षों, महामंत्रियों, डीसीसी तथा पीसीसी सदस्यों की उपस्थिति अनिवार्य है। उन्होंने बल्ह कांग्रेस के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को संगठन की मासिक बैठकों में उपस्थित होने के लिए आग्रह किया। लगातार तीन बैठकों में अनुपस्थित रहने वाले पदाधिकारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
आबकारी एवं कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को विजय दशमी के उपलक्ष्य पर बधाई दी। बल्ह क्षेत्र से संबंधित विकास कार्यों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि पीएचसी लेदा के लिए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने चालीस लाख रुपये मंजूर कर दिए हैं और भूमि चयन की प्रक्रिया चल रही है। इस मौके पर युकां अध्यक्ष ओम प्रकाश सैनी, बल्ह ब्लॉक कांग्रेस उपाध्यक्ष डूम राम, महामंत्री रोशन भारती, महेंद्र गुप्ता, मीडिया प्रभारी प्रशांत शर्मा, संजीव गुलेरिया, मनीश गुप्ता, रजनीश सोनी के अलावा अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related posts