हादसों के लिए खटारा बसें जिम्मेवार : भाजयुमो

सरकाघाट (मंडी)। उपमंडल सरकाघाट के रिस्सा गांव के खत्री रा टापू में हुई बस दुर्घटना पर भाजयुमो ने परिवहन मंत्री जीएस बाली पर निशाना साधा है। भाजयुमो ने निगम की खटारा बसाें को सड़क हादसाें के लिए जिम्मेवार ठहराया है। घायलाें का हालचाल पूछने आए भाजयुमो जिला अध्यक्ष रजत ठाकुर ने कहा कि परिवहन निगम के सरकाघाट डिपो की स्थिति दिन-प्रतिदिन बद से बदतर होती जा रही है। बसें मरम्मत बिना बीच रास्ते में कहीं भी खड़ी हो जाती हैं। जनता परिवहन निगम की बसाें में जान जोखिम में डालकर सफर कर रही है। सरकाघाट डिपो के बेड़े से 18 बसों को पहले ही यहां से कम कर दिया गया है। शेष बची बसाें की हालत चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि परिवहन मंत्री हर दिन बड़ी-बड़ी घोषणाएं कर रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति बदतर होती जा रही है। भाजयुमो अध्यक्ष ने लगे हाथ बस किराये में की गई तीस फीसदी की वृद्धि को भी अब तक की एक साथ की गई सबसे बड़ी बढ़ोतरी बताया। भाजयुमो प्रदेश की जनता से हो रहे खिलवाड़ को सहन नहीं करेगा। अगर जरूरत पड़ी तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।

Related posts