
घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं उपमंडल में कथित फर्जी सर्टिफिकेट मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने अब दिल्ली का रुख कर लिया है। पुलिस की एक टीम मामले की तय तक पहुंचने के लिए रविवार को दिल्ली रवाना हो गई है। दिल्ली के एक बोर्ड से जारी हुए इन सर्टिफिकेट की सत्यता का पता अब वहां से पुलिस टीम लौटने के बाद ही चल सकेगा। बहरहाल, पुलिस अन्य पहलुओं को मद्देनजर रखते हुए छानबीन कर रही है।
उधर, फर्जी सर्टिफिकेट का मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस कब्जे में लिए 58 सर्टिफिकेट के सत्यापन में जुटी हुई है। सर्टिफिकेट किस तरह से लोगों को मुहैया करवाए जाते थे। कितने लोगों को अकादमी ने सर्टिफिकेट जारी किए। सर्टिफिकेट बायहैंड दिए जाते थे या फिर वाय पोस्ट। ऐसे तमाम पहलुओं को पुलिस आधार मान कर जांच-पड़ताल कर रही है। एसपी कपिल शर्मा ने कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है। सत्यता का पता जल्द चल जाएगा।
