
चंबा। लोक निर्माण विभाग ने सड़क निर्माण के कार्य लटकाने वाले ठेकेदारों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसके अलावा आबंटित कार्यों में लेटलतीफी बरतने वाले ठेकेदारों के खिलाफ सख्त रूख अपनाने का मन बना लिया है। इसके चलते लोक निर्माण विभाग मंडल चंबा में तीन सड़कों के कार्य तय अवधि में पूरा न करने पर तीन ठेकेदारों को नोटिस जारी किए हैं। इनमें से एक ठेकेदार के आबंटित कार्य को ही रद कर दिया गया है। लोक निर्माण विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार बकाणी-कलवाड़ा सड़क का कार्य लटकाने के लिए ठेकेदार को अंतिम नोटिस जारी किया गया है। अगर ठेकेदार नियमों के मुताबिक कार्य को अंजाम नहीं देता है तो विभाग उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाएगा। इस आठ किलोमीटर सड़क का कार्य युद्धवीर सिंह को सौंपा गया है। नाबार्ड के तहत स्वीकृत हुए संपर्क मार्ग सिरना-जांघी का कार्य लटकाने वाले ठेकेदार को भी विभाग ने नोटिस जारी कर फटकार लगाई है। विभाग ने इस कार्य के ठेकेदार आरपी धीमान को नोटिस के माध्यम से जल्द कार्य पूरा करने के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही बार-बार नोटिस देने और पेनेल्टी करने के बाद भी राख-धनाड़ा मार्ग का निर्माण कार्य शुरू न करने पर विभाग ने ठेकेदार को आबंटित कार्य रद कर दिया है। इस तीन किलोमीटर सड़क का कार्य ठेकेदार विरेंद्र गुप्ता को सौंपा गया था।
उधर, लोक निर्माण विभाग चंबा मंडल अधिशाषी अभियंता एमके मिन्हास ने बताया कि विभागीय कार्यों में लेटलतीफी करने वाले ठेकेदारों को नोटिस जारी किए गए हैं। विभाग की ओर से समय-समय पर कार्य को निर्धारित अवधि में पूर्ण न करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाती है।
