
धर्मशाला। अलग-अलग वाहन हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 13 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलाें का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है।
उधर, शाहपुर पुलिस स्टेशन में डिंपल सूद निवासी जोगिंद्रनगर ने शिकायत दर्ज करवाई है कि स्कारपियो चला रहे प्रकाश चंद की की गाड़ी पेड़ से टकरा गई। इसमें सतिंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि डिंपल सूद, अमन सूद और चालक प्रकाश चंद घायल हो गए। घायलों का इलाज टांडा मेडिकल कालेज में चल रहा है। एएसपी मोहित चावला ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। वहीं पुलिस के अनुसार इंदौरा के मीलवां के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से एक व्यक्ति घायल हो गया। घायल का इलाज मुकेरियां अस्पताल में चल रहा है। नूरपुर पुलिस स्टेशन में नरेश कुमार निवासी ज्युंता ने शिकायत दर्ज करवाई है कि पिकअप गाड़ी ने एक महिला को टक्कर मारी। इससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। घायल महिला का इलाज पठानकोट अस्पताल में चल रहा है। नगरोटा बगवां थाना में प्रेम कुमार निवासी हटवास ने बताया कि हटवास के पास कार चालक केवल कुमार निवासी कलैड ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इससे पंकज कुमार निवासी जोगिंद्रनगर घायल हो गया। घायल का इलाज टांडा मेडिकल कालेज में चल रहा है। इंदौरा पुलिस स्टेशन में तेज पाल निवासी मंजहार ने शिकायत दर्ज करवाई है कि उसके वाहन को एक टैंकर ने टक्कर मार दी। इससे सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तीन घायलों का इलाज पठानकोट अस्पताल में चल रहा है जबकि चार लोगों को मामूली चोटें आई हैं।
