
रामपुर बुशहर। पीटीए शिक्षकों ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से प्रदेश भर में सेवाएं दे रहे नॉन बीएड पीटीए शिक्षकों के लिए ग्रांट इन एड की मांग की है। पीटीए शिक्षक सराहन में मुख्यमंत्री से मिले। उन्होंने अन्य शिक्षक वर्ग की तरह पीटीए शिक्षकों के लिए छुट्टियों का वेतन देने की भी मांग मुख्यमंत्री से उठाई। शिमला जिले के पीटीए अध्यक्ष बोविल ठाकुर के नेतृत्व में मुख्यमंत्री से मिले शिक्षकों ने सीएम से हटाए गए शिक्षकों की बहाली के साथ ही पूर्व सरकार के समय पीटीए शिक्षकों पर बने मुकदमों को रद करने की भी मांग की। बोविल ठाकुर ने बताया कि मुख्यमंत्री ने हर मांग पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया है। इससे पहले शिक्षकों ने बुशहरी टोपी पहनाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर कुशाल सुनेल, सुदर्शन शर्मा, शेफाली, दिवान दड़ेल, ममता कायथ, दिनेश, सुशील जिस्टू, मनोज, नीटू राम आदि शिक्षक मौजूद रहे।
