फार्मेसिस्टों के कार्य बहिष्कार से दवा वितरण कार्य ठप

हल्द्वानी। डिप्लोमा फार्मेसिस्ट एसोसिएशन उत्तराखंड के प्रांतीय आह्वान पर शनिवार को बेस अस्पताल और महिला चिकित्सालय के फार्मेसिस्टों ने सामूहिक अवकाश कर कार्य बहिष्कार किया। इस कारण अस्पतालों की ओपीडी में दवा वितरण कार्य पूरी तरह ठप रहा। साथ ही इंजेक्शन आदि भी नहीं लग सके। इधर, फार्मेसिस्टों के चरणबद्ध आंदोलन की जानकारी होने के बावजूद बेस अस्पताल प्रशासन द्वारा दवा वितरण की कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई, जिससे रोगियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
लंबित मांगों को लेकर नैनीताल और हल्द्वानी के आंदोलनरत फार्मेसिस्ट, चीफ फार्मेसिस्ट एवं संवर्ग के अधिकारी बेस अस्पताल परिसर पहुंचे। एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष आरएस ऐरी ने बताया कि डिप्लोमा फार्मेसिस्टों की कई मांगों पर शासन और प्रशासन स्तर पर कई बार समझौता होने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा 14 एवं 15 अक्तूबर को प्रात: आठ से दस बजे तक सामूहिक कार्य बहिष्कार, 16 से 18 अक्तूबर तक प्रात: आठ से 11 बजे तक और 21 से 23 अक्तूबर तक 72 घंटे का कार्य बहिष्कार किया जाएगा। आपातकालीन सेवाएं जारी रहेंगी। दस नवंबर से प्रदेश भर के फार्मेसिस्ट अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। बैठक में एमसी वर्मा, केएस गड़िया, आशा शर्मा, पीसी पंत, हेम गिरि गोस्वामी, पीएस साह, एनके साह, एमएम जोशी, मंडलीय सचिव जेसी पाठक, जिलाध्यक्ष डीएस कोश्यारी, कोषाध्यक्ष केआर आर्या, वीसी पांडे, डीसी वर्मा, केएन जोशी, एचएस बिष्ट, बीसी जोशी, केएस बिष्ट उपस्थित रहे।
नैनीताल। डिप्लोमा फार्मेसिस्टों के सामूहिक अवकाश पर रहने से बीडी पांडे जिला अस्पताल प्रबंधन ने मरीजों को दवा बांटने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई थी। फार्मेसिस्ट एसोसिएशन के पूर्व प्रांतीय उपाध्यक्ष कमल जोशी ने मांगें पूरी न होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी। उधर, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डा. राजेश साह एवं महिला अस्पताल की सीएमएस डा. विनीता साह ने बताया कि वैकल्पिक व्यवस्था बनाने में भी दिक्कतें आ रही हैं।

Related posts