
नादौन (हमीरपुर)। बेरोजगार टीजीटी कला अध्यापकों ने टेट को रद्द करने की जा रही मांग को निरस्त करने की मांग की है। भूंपल में करीब 50 बेरोजकार कला अध्यापकों ने इस मुददे पर बैठक में चर्चा की। प्रवक्ता किरन ने बताया कि टेट में परीक्षार्थियों ने साल भर से कठिन मेहनत कर परीक्षा दी और अब इस परीक्षा को कांगड़ा जिले के एक केंद्र पर हुई नकल को लेकर रद करने की मांग की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह मांग न्यायोचित नहीं है। अभ्यर्थियों का मानना है कि उक्त केंद्र में नकल हुई है तो कार्रवाई भी उस केंद्र में होनी चाहिए। एक बार पुन: परीक्षा की तैयारी करना आसान नहीं है और महंगाई के इस युग में फिर से परीक्षा शुल्क व अन्य खर्चे बेरोजगारों पर किसी कुठाराघात से कम साबित नहीं होंगे। बैठक में ज्योति, संजीत, राकेश, अनुभव, इंद्रजीत, नरेश, सुषमा, अंजना, प्रदीप, सीमा, शालिनी, राम कुमार, विक्रांत, पंकज, कुसुम, प्रतिभा आदि ने हिमाचल प्रदेश शिक्षा बोर्ड व सरकार से मांग की है कि बेरोजगारों से अन्याय न किया जाए।
