दस माह में तीन दर्जन चोरियां

हमीरपुर। जिले में चोरी की वारदातें रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। दस माह के भीतर ही जिले भर में करीब तीन दर्जन चोरियां हो चुकी हैं। करीब एक दर्जन चोरी के मामले सुलझा लिए हैं बाकी की छानबीन की जा रही है। तीन दर्जन चोरियों में से करीब आधा दर्जन चोरियां दिन दहाड़े हुई हैं। इनमें शातिर लाखों की ज्वेलरी और नकदी ले उडे़ हैं।
भोरंज क्षेत्र में एक फौजी के घर में शातिरों ने सेंधमारी कर दो लाख रुपये के गहने और नकदी उड़ा ली। पहले भी भोरंज क्षेत्र में दिन दहाड़े एक महिला के घर में घुसकर शातिरों ने लाखों रुपये के गहने और नकदी उड़ा ली थी। टौणीदेवी में भी एक सुनार का नौकर लाखों के आभूषण लेकर रफूचक्कर हो गया था। धनेटा में शातिरों ने एक ही रात में तीन दुकानों के ताले तोड़े थे और दुकानों के अंदर से नकदी चोरी की थी। सदर थाना के अंतर्गत कुठेड़ा में भी शातिरों ने एक ही रात में चार दुकानों के ताले तोड़ करीब डेढ़ दर्जन वायर रोल चोरी कर लिए थे। पनाऊ में शातिरों ने घर में घुसकर नकदी और ज्वेलरी चोरी की थी। भोरंज थाना के अंतर्गत ही दो घरों में लगातार चोरी की वारदातें हुई हैं। एक घर से 40 हजार की नकदी और चार ताले सोना, जबकि दूसरे घर से ज्वेलरी लेकर शातिर फरार हो गए थे। हमीरपुर शहर में भी शातिरों ने रात के समय सेंधमारी कर एक लाख रुपये के मोबाइल रिचार्ज कूपन और मोबाइल चोरी कर लिए थे। शहर में स्थित एक ज्वेलर की शॉप से दो बार ज्वेलरी लेकर शातिर दिन दहाड़े चलते बने थे। पुलिस थाना नादौन के पनसाई और सुजानपुर में भी ऐसी वारदात दिन दहाड़े हो चुकी है। नादौन शहर में शातिरों ने प्रवासी मजदूरों के ही घरों में सेंधमारी कर करीब 10 हजार रुपये की नकदी और एक एलसीडी चुरा ली थी। हमीरपुर से दो और भरनांग गांव से भी दो बाइक चोरी हुए। इन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया है। तीन दर्जन मामलों में से पुलिस ने एक दर्जन चोरी के मामले ही सुलझाए हैं।
उधर, एएसपी अरविंद चौधरी का कहना है कि पुलिस चोरी की वारदातों की छानबीन में जुटी है। एक दर्जन से अधिक मामले सुलझा लिए गए हैं, शेष की छानबीन जारी है।

Related posts