बाबा’ पर दुष्कर्म के प्रयास का केस

जुखाला (बिलासपुर)। जुखाला क्षेत्र के अंतर्गत बटे-कृष्ण मंदिर में शनिवार को यहां रह रहे एक बाबा पर मंदिर के साथ लगते कमरे में नौ वर्षीय बच्ची पर दुराचार के प्रयास का केस दर्ज हुआ है। मामला सामने आने के बाद लोगों ने बाबा की जमकर धुनाई कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
देश में एक बहुचर्चित ‘संत’ और उसके पुत्र पर लगे यौन शोषण के आरोपों का मामला सामने आने के बाद अब देवभूमि भी सुर्खियों में आ गई है। जुखाला क्षेत्र के अंतर्गत धार्मिक स्थल बटे-कृष्ण मंदिर में शनिवार दोपहर चौथी कक्षा की एक नौ वर्षीय बालिका मंदिर पहुंची। मंदिर में पिछले कई सालों से रह रहे करीब 65 वर्षीय ‘बाबा’ धर्मदास ने बालिका को अपने कमरे की सफाई करने को कहा। अबोध बालिका उसके कहे अनुसार काम करने लगी। इसी बीच धर्मदास भी कमरे में पहुंच गया। दरवाजा बंद करके उसने नाबालिग के साथ जबरदस्ती शुरू कर दी। इससे डरी-सहमी बालिका चीखने-चिल्लाने लगी।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान बालिका का एक रिश्तेदार वहां से गुजरा। लड़की के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर वह कमरे में गया। इसी बीच आसपास के लोग भी वहां एकत्रित हो गए। दरवाजा खोलने पर भीतर का मंजर देख सभी सन्न रह गए। निर्वस्त्र हालत में धर्मदास अबोध बालिका से जोर-जबरदस्ती कर रहा था। गुस्साए लोगों ने ‘बाबा’ की जमकर धुनाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। शाम के समय रोती-बिलखती बालिका के बयान दर्ज किए गए। डीएसपी प्रताप सिंह ठाकुर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पोकसो एक्ट तथा आईपीसी की धारा 376 व 511 लगाते हुए फिलहाल दुराचार के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता और आरोपी का मेडिकल भी कराया जा रहा है

Related posts