धर्मशाला में लंका और अक्षय का दहन

धर्मशाला। रामनवमी के अवसर पर पुलिस मैदान धर्मशाला में कचहरी अड्डा दशहरा कमेटी की ओर से लंका और अक्षय कुमार दहन किया गया। इसमें नेशनल बीमा कंपनी के वरिष्ठ प्रबंधक प्रकाश चंद ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। वहीं कार्यक्रम में फोर्टिस अस्पताल के निदेशक भी विशेष तौर से उपस्थित रहे। शाम करीब छह बजे पुलिस मैदान में रावण की लंका और मेघनाद के पुत्र अक्षय कुमार का पुतला जलाया गया।
वहीं लंका दहन और अक्षय दहन से पूर्व शहर में श्रीगणेश, श्रीराम, लक्ष्मण, सीता, हनुमान, रावण, मेघनाद और वानर सेना की भव्य झांकियां निकाली गईं। झांकियों के दौरान राम, लक्ष्मण, सीता और रावण बने बच्चों ने कोतवाली बाजार, कचहरी अड्डा और दाड़ी में चक्कर लगाते हुए लोगों को असत्य पर सत्य की जीत का संदेश भी दिया। वहीं रविवार को पुलिस मैदान धर्मशाला, मेला ग्राउंड गम्मरू, मेला ग्राउंड दाड़ी सहित जिला के विभिन्न भागों में रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतले भी जलाए जाएंगे। कचहरी अड्डा दशहरा कमेटी के प्रधान ने कहा कि रविवार को पुलिस मैदान में शाम छह बजे रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतले जलाए जाएंगे। इसमें शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। उन्होंने कहा कि विजय दशमी के पर्व पर महिलाओं के लिए म्यूजिकल चेयर रेस और बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। वहीं रावण दहन के बाद भव्य आतिशबाजी होगी।

Related posts