अंशकालीन जलवाहकों का मानदेय बढ़ाया जाए

ऊना। जिला अंशकालीन एवं जलवाहक कम सेवादार कर्मचारी संघ ने लंबित मांगों को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी कर ली है। संघ ने अंशकालीन जलवाहकों का मानदेय तीन हजार करने सहित अन्य मांगों को प्रमुखता से उठाया है। अंशकालीन संघ की जिला स्तरीय बैठक स्थानीय बीआरसी भवन ऊना में जिला अध्यक्ष संदीप कुमार बन्याल की अध्यक्षता में हुई। इसमें जिला के विभिन्न खंडों के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।
बैठक में जिलाध्यक्ष संदीप कुमार ने कहा कि चिरलंबित मांगों और समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया गया है। इसके चलते उन्हें मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार उद्योग मंत्री और विधायकों को समस्याओं से अवगत करवाया गया लेकिन आश्वासनों के सिवाय कुछ हासिल नहीं है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की है कि शिक्षा विभाग में रिक्त पड़े सेवादारों के पदों को भरा जाए। सभी अंशकालीन एवं जलवाहक कम सेवादारों को विद्या उपासकों एवं सहायक अध्यापकों की तर्ज पर छुट्टियों का वेतन दिया जाए। अंशकालीन जलवाहकों का मानदेय कम से कम तीन हजार रुपये किया जाए। यदि सरकार ने इस वर्ग के लिए उचित कदम नहीं उठाए तो उन्हें संघर्ष का बिगुल बजाना पड़ेगा। इस मौके पर जीवन कुमार, गुरमेल चंद, राकेश कुमार, सुरेंद्रा देवी, सुरेश कुमारी, कुसुम लता, निर्मला देवी, सोमा देवी और रीमा देवी सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Related posts