भीमाकाली में हजारों ने नवाया शीश

रामपुर बुशहर। सराहन स्थित मां भीमाकाली के मंदिर में अष्टमी पर मां के दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालु जुटे। सुबह मंदिर खुलने से लेकर शाम की आरती तक मंदिर में भक्तों की कतारें लगी रहीं।
सराहन मंदिर में समूचे हिमाचल सहित पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, गुजरात और पश्चिम बंगाल से भी मां से आशीर्वाद लेने भक्त पहुंचे थे। मंदिर परिसर में गृह रक्षकों और न्यास कर्मियों की मौजूदगी में पूरा दिन शांतिपूर्ण माहौल में भक्तों ने बारी-बारी से दर्शन किए और सुख शांति का आशीर्वाद लिया। अन्य दिनों की अपेक्षा अष्टमी को मंदिर में अधिक भीड़ नजर आई। एक अनुमान के मुताबिक सुबह से शाम तक मंदिर में पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने माथा टेका। मंदिर के मुख्य पुजारी धर्मजय ने बताया कि मंदिर में नवरात्र उत्सव में हर साल भक्तों का तांता लगता है। सुबह करीब साढ़े सात बजे मंदिर खुलते ही यहां भक्त पहुंचने शुरू हो जाते हैं। उधर, मां श्राईकोटी मां के दरबार में अष्टमी पर आस्था का सैलाब उमड़ा। मंदिर में ऊपरी शिमला, आनी, किन्नौर आदि क्षेत्रों से आए भक्तों ने मां के दर्शन किए। बड़ी तादाद में श्रद्धालुओं के आने से मंदिर में मेले जैसा माहौल रहा।

इनसेट
वीरभद्र ने भी लिया कुलजा से आशीर्वाद
रामपुर बुशहर। अष्टमी पर शनिवार को मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने भी मां भीमाकाली के मंदिर में पूजा अर्चना कर अपनी कुलजा से आशीर्वाद लिया। वीरभद्र ने देर शाम मंदिर में परिवार के साथ कुलदेवी की पूजा अर्चना की। उनके साथ उनकी धर्मपत्नी सांसद प्रतिभा सिंह और बेटे विक्रमादित्य सिंह भी मौजूद रहे।

Related posts