31 अक्तूबर तक करें ऑनलाइन आवेदन

देश भर में सेंट्रल टीचर एलिजबेलिटी टेस्ट (सीटीईटी) के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू हो गई है। यह प्रक्रिया 31 अक्तूबर तक चलेगी।

आवेदन के बाद उम्मीदवार कन्फॉर्मेशन पेज सीबीएसई को सात नवंबर तक भेज सकते हैं। इसके लिए अभ्यर्थियों को www.cbse.nic.in or www.ctet.nic.in पर जाकर आवेदन करना होगा।

सीबीएसई ने इसके लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। यह परीक्षा 16 फरवरी 2014 को होगी। इस बार भी पेपर-एक और पेपर-दो के लिए ढाई घंटे का समय ही मिलेगा।

उम्मीदवारों को ऑनलाइन आवेदन भरते समय सभी विवरण देने होंगे।

इसके बाद कन्फॉर्मेशन पेज का प्रिंट आउट लेना होगा। इस पर पासपोर्ट आकार का फोटो लगाकर और हस्ताक्षर करके बैंक ड्राफ्ट के साथ बोर्ड की सीटीईटी यूनिट को भेजना है।

यदि शुल्क चालान के माध्यम से भुगतान किया है तो चालान की मूल प्रति भेजनी पड़ेगी।

सामान्य और ओबीसी के उम्मीदवारों को पेपर-एक या पेपर-दो के लिए 500 रुपये का भुगतान करना होगा जबकि दोनों पेपर देने के लिए 800 रुपये देने पड़ेंगे।

वहीं एससी/एसटी को पेपर-एक या पेपर-दो के लिए 250 रुपये का भुगतान करना होगा। दोनों पेपर के लिए 400 रुपये चुकाने होंगे।

शुल्क चालान के माध्यम से, सिंडिकेट बैंक के सीबीएसई खाता में या फिर डेबिट/क्रेडिट कार्ड से किया जा सकता है।

वहीं अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नगालैंड, सिक्किम, त्रिपुरा, लाहौल स्पीति जिला और हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के पांगी सबडिवीजन, अंडमान और निकोबार द्वीप एवं लक्षद्वीप जैसे दूरदराज के क्षेत्रों के अभ्यर्थी कन्फॉर्मेशन पेज सीबीएसई को 15 नवंबर तक भेज सकते हैं।

Related posts