बाहरी सेब पर आयात शुल्क न होने से नुकसान: भंडारी

सराहां (सिरमौर)। भारत में दूसरे देशों से आयात सेब पर आयात शुल्क शून्य होने से देश का किसान प्रभावित हो रहा है। विशेष सेब उत्पादन में उत्तम स्थान रखने वाले राज्य हिमाचल को इससे खासा नुकसान हो रहा है। राज्य के किसानों को इसके चलते उचित मुनाफा नहीं मिल रहा। यह बात राज्य किसान मोर्चा के अध्यक्ष बलदेव भंडारी ने सराहां में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान कही।
उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि बाहरी मुल्कों के सेब को देश में शुल्क रहित किया गया है। जबकि राज्य के किसानों को फल एवं फसल उत्पादन के लिए कोई भी सुविधा नहीं है। सिंचाई से लेकर उचित बीजों का भंडारण भी यहां नहीं है। सरकार को चाहिए कि वह राज्य के किसानों की दशा को सुधारने के लिए उचित सब्जी मंडियों का निर्माण करवाए। भारी वर्षा तथा तूफान के चलते किसानों की हालत दयनीय बनी हुई है। फसलें बर्बाद हो रही हैं। आय कुछ नहीं हो पा रही। फसलें वर्षा के चलते खेतों में ही सड़ रही है। उन्होंने सरकार से मांग की कि ऐसी हालत में किसानों को उचित मुआवजा दिलाया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि बंदरों के आतंक से किसान परेशान है क्योंकि बंदर खेतों में फसलों को चौपट कर रहे हैं।
किसान मोर्चा के राज्य अध्यक्ष बलदेव भंडारी ने कहा कि राज्य सरकार को चाहिए कि वह किसानों की हालत को सुधारे। पत्रकार वार्ता के दौरान तारा दत्त शर्मा, भूपेंद्र भंडारी, रात लाल शर्मा तथा इंद्र दत्त आदि मौजूद थे।

Related posts